जिले में महाशिवरात्रि शुक्रवार को धूमधाम से मनाई गई। जलाभिषेक के लिए सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिर में लगने लगी। हर-हर महादेव, ऊं नम: शिवाय से शिवालय गूंज उठा। बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किसी ने गंगाजल से तो किसी ने दूध, दही और घी से भी किया। भक्तों ने पूजा कर सुख-समृद्धि मांगी।
शुक्रवार की शाम शहर के कई मंदिरों से शिव बारात निकली। इसमें सार्वजनिक ठाकुरबाड़ी मंदिर, आरएस गिदरया मंदिर शामिल हैं। भूत-बेताल, पिसाच, भंगी के साथ मोहक झांकी बारात में शामिल थी। भक्त बारात के दर्शन करने के लिए सड़कों पर खड़े थे। जिस मार्ग से भगवान की बरात गुजरी हर-हर महादेव के जयकारे लगने लगे। जिला मुख्यालय के मां खड्गेश्वरी महाकाली मंदिर सह बाबा खड्गेश्वरनाथ शिव मंदिर, बस स्टैंड शिव मंदिर, ठाकुरबाड़ी शिव मंदिर, पुराना मंडल कारा शिव मंदिर, पीडब्ल्यूडी शिव मंदिर, मनोकामना शिव मंदिर, हिरदेपुर रेलवे स्टेशन शिव मंदिर, अररिया आरएस शिव मंदिर, जलेश्वर शिव मंदिर, महादेव चौक स्थित शिव मंदिर, आश्रम रोड के जगदीश्वरनाथ महादेव आदि शिवालयों में महाशिवरात्रि को लेकर भक्तों की काफी भीड़ लगी रही। भक्तों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ को जलाभिषेक किया। शिवालय के पुजारी के अनुसार मंदिर में सुबह पूजा के बाद भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया। रुद्राभिषेक के बाद के दूध दही, घी, गन्ने का रस और गंगा जल से अभिषेक किया गया। 1008 बेलपत्र से भोले भंडारी का आह्वान किया गया। आरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए। इसके बाद फलाहारी का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। पुजारी के अनुसार शिवरात्रि की पूजा सुबह चार बजे से शुरू हो गई थी। शाम में मंदिर परिसर से बारात निकली। पुराना मंडलकारा में भी जेल अधीक्षक सत्येंद्र कुमार व जेलर प्रमोद दास द्वारा महाशिवरात्रि को लेकर विशेष पूजा कराई गई।
ठाकुरबाड़ी मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ाते श्रद्धालु।

Post a Comment