जयपुर.विधानसभा में 25 मंत्रियों, सचेतक-उप सचेतक को छोड़कर 173 विधायक जनता की आवाज और समस्या उठाने के लिए तारंकित-अतारांकित सवाल पूछ सकते हैं। डेढ़ माह के बजट सत्र में इनमें से 128 ने सवाल किए, हालांकि 18 के एक-दो सवाल ही है जिनका नंबर आना ही मुश्किल है। 45 ऐसे रहे जिनकी तरफ से अभी तक अपने क्षेत्र की जनता की तरफ से कोई सवाल नहीं किया गया। अब तक 128 की तरफ से 4276 सवाल किए गए हैं।
कृष्णा पूनिया को दिल्ली के विज्ञान भवन में शनिवार को सर्वश्रेष्ठ विधायक का पुरस्कार दिया गया। राष्ट्रीय छात्र संसद नामक संस्था की ओर से यह सम्मान दिया गया। उन्हें जनता की आवाज बनकर विधानसभा में सवाल उठाने, पिछड़े युवाओं के लिये काम करने पर यह सम्मान दिया गया। लेकिन इस बार बजट सत्र में कृष्णा की तरफ से कोई सवाल नहीं लगाया गया है। हालांकि सदन में अन्य मुद्दों पर वे कई बार बोली है।
इनके इक्के-दुक्के
कई विधायकों ने 100 तक सवाल किए हैं। 18 एक-दो तक सिमट गए। किशनाराम विश्नोई ने 3, आलोक बेनीवाल ने 6, कैलाश त्रिपाठी ने एक, जौहरीलाल मीणा ने 3, दयाराम परमार ने 2, कैलाश मीणा ने 2, गंगादेवी ने एक, पदमाराम ने 4, मनीषा पंवार ने 2, गजेंद्र शक्तावत ने एक, महेंद्र विश्नोई ने 4, गुरमीतसिंह कुन्नर ने एक, गोपाललाल मीणा ने 4, रमेश पारीक ने 3, रामप्रताप कासनिया ने 1, रुपाराम ने 2, शोभारानी कुशवाह ने 4, हीराराम ने 4 सवाल किए हैं।
डूडी ने एक भी नहीं पूछा, कटारिया ने 60 प्रश्न पूछे
पिछली सरकार में नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी ने 5 साल में एक भी सवाल नहीं किया था। लेकिन इस बार नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने बजट सत्र में ही जनता के 60 सवाल पूछ डाले।
इन विधायकों ने नहीं पूछा एक भी सवाल
निर्मला सहरिया, अशोक बैरवा, अमीनुद्दीन कागजी, अमरसिंह, कल्पना देवी, वसुंधरा राजे, कृष्णा पूनिया, गोपीचंद मीणा, जितेंद्रसिंह, राजकुमार गौड़, राजेंद्र पारीक, नरपतसिंह राजवी, नरेंद्र कुमार, रीटा चौधरी, नरेंद्र बुडानिया, परसराम मोरदिया, पुष्पेंद्रसिंह, पूराराम चौधरी, पृथ्वीराज, प्रशांत बैरवा, राजेंद्र विधुड़ी, भंवरलाल शर्मा, रामकेश, भजनलाल जाटव, महादेव सिंह खंडेला, महेंद्रजीत मालवीय, मुकेश भाकर, राजेंद्र गुढ़ा, रमिला खड़िया, दीपचंद, दीपेंद्रसिंह शेखावत, राम स्वरूप लांबा, रोहित बोहरा, ललित कुमार ओस्तवाल, विट्ठल शंकर अवस्थी, विनोद कुमार, वीरेंद्रसिंह, वेद प्रकाश सोलंकी, सिद्धि कुमारी, सुदर्शनसिंह रावत, सुरेंद्रसिंह राठौड़, सुरेश मोदी, हरेंद्र निनामा, हेमाराम चौधरी ने एक भी सवाल नहीं किया।

Post a Comment